Wednesday, September 9, 2026

"भावांजलि"



















#9September2026
#happybirthday #Mummy 

"भावांजलि"

आपके कमरे में रखी कुर्सी,
आज भी खाली रहती है।
कभी कभी बस मैं ही बैठ जाता हूं।
कुछ देर के लिए बचपन में लौट जाता हूं।
खुद को आपकी गोद में जो पाता हूं।
बहुत जल्दी चले गए आप और पिता जी,
कई बातों को आज भी समझ नहीं पाता हूं।
यूं तो घर पर सब ठीक हैं मगर,
आपके बिना वो पहले जैसी बातें नहीं हैं।
तुम तो सब जानती हो मां,
मुझे बाजार के बने कपड़े पसंद नहीं,
अब सर्दियां भी आने को हैं,
चाहे सपनों में ही आ जाना,
मेरे लिए अपने हाथों से,
एक स्वेटर बुन जाना।
यूं तो घर में सभी व्यंजन बन जाते हैं,
मगर पहले जैसा स्वाद अब नहीं पाते हैं।
जीवन के घुमावदार रास्तों पर,
आपकी सीख बहुत काम आती है।
ज़िन्दगी के ऊंचे नीचे रास्तों पर,
खुद की उंगली, खुद ही पकड़कर, 
चलता जाता हूं, बस चलता जाता हूं।
आपका सिखाया हर पाठ याद रखता हूं,
मुश्किल लम्हों को भी मुस्करा के जीता हूं।
अब खुद ही अपना ध्यान रखता हूं,
आंसू भी अपने, कांधा भी अपना रखता हूं।
सभी जिम्मेदारियों को सही ढंग से,
निभाने की कोशिश करता हूं।
घर में अब सबसे बड़ा जो हो गया हूं।

#poet_shalabh_gupta ✍️
#09september2026 

आज, हमारी माता जी श्रीमति मधुबाला गुप्ता जी (पूर्व प्रवक्ता- प्रताप सिंह कन्या इंटर कॉलेज, मुरादाबाद) का जन्मदिन है। 
वह प्रत्यक्ष रुप से हमारे साथ नहीं हैं, परन्तु घर में उनकी उपस्थिति हम सदैव अनुभव करते रहते हैं। उनका आशीर्वाद सदैव हमारे परिवार के साथ है। 
#happybirthday #mother
#motherlove #motherandson

Wednesday, September 2, 2026

Happy birthday 🎂











#happybirthday

#happybirthdaytoyou

Happy birthday my dear son..

CA Vatsalya Gupta 🤗💕 

"एक पाती बेटे के नाम"


मेरे प्रिय वासु,


आज तुम्हारे जन्मदिन पर,

आकाशभर शुभकामनाएं।

आने वाला सुनहरा भविष्य,

तुम्हारी प्रतीक्षा कर रहा है।

आकाश तुमने ही छूना है।

इतिहास नया लिखना है।

एक सार्थक उद्देश्य के साथ,

ह्रदय में भर कर आत्मविश्वास,

तुमको जीवन पथ पर चलना है।

उपलब्धियों के नये पंख लगाकर,

जीवन रुपी आकाश में सफलता के,

सर्वश्रेष्ठ उत्कर्ष तक जाना है।

पूर्ण विश्वास है मुझको,

आकाश तुमने ही छूना है।

इतिहास नया लिखना है।

आने वाला प्रत्येक नया दिन,

खुशियों के सुअवसर लेकर आए।

जीवन में प्रगति एवं प्रसन्नता के,

नवीन आयाम आएं।

पुनः जन्मदिवस पर अगणित,

आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं।


#papa 

#shalabh_gupta ✍️

#2sept2026

Tuesday, June 2, 2026

"मुंबई डायरी से कुछ पन्ने"











गिरगांव चौपाटी के किनारे पर,

मेरीन ड्राइव के फुटपाथ पर,
लहरों से बातें करते पत्थरों पर,

कुछ लम्हें वहीं रह जाते हैं,
अक्सर मुझसे छूट जाते हैं।
वालकेश्वर के बस स्टॉप पर,
बाणगंगा की सीढ़ियों पर,
प्रियदर्शनी पार्क के ट्रैक पर,
कुछ किस्से वहीं रह जाते हैं,
अक्सर मुझसे छूट जाते हैं।
पृथ्वी कैफे की कविताएं,
सुलेमानी चाय मेज पर,
नाटक करते समय स्टेज पर,
कुछ संवाद वहीं रह जाते हैं,
अक्सर मुझसे छूट जाते हैं।
चर्चगेट से बोरिवली जाती,
आखरी लोकल ट्रेन में,
कुछ सामान वहीं रह जाते हैं,
अक्सर मुझसे छूट जाते हैं।
#poet_shalabh_gupta ✍️

#mumbai #mumbaidiaries
#BangangaWalk #girgaonchowpatty
#prithvitheatre #prithvicafe

#localtrainmumbai #churchgate #borivali